
झारखंड सिविल सेवा परीक्षा में राजगंज के अरबाज हसन को मिली सफलता, मिला 144वां रैंक
डीजे न्यूज, राजगंज, धनबाद:
राजगंज के थानाकुल्ही निवासी सजरुल हसन के तीसरे पुत्र अरबाज हसन ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षा में परचम लहराया है। आयोग द्वारा जारी परीक्षा परिणाम में अरबाज ने 144वां रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि से उन्होंने न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे राजगंज क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अरबाज हसन एक साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके पिता सजरुल हसन सिलाई का काम करते हैं। चार बेटों में तीसरे नंबर पर आने वाले अरबाज ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा सरकारी स्कूल से प्राप्त की है। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और समर्पण से पढ़ाई की और आखिरकार सफलता के इस मुकाम तक पहुंचे।
अरबाज की सफलता यह साबित करती है कि संघर्ष, लगन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी मंज़िल को पाया जा सकता है। क्षेत्रवासियों ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।