
झारखंड प्रदेश विश्वकर्मा समाज गिरिडीह के जिलाध्यक्ष बने देवकी और महासचिव सुनील
वोटिंग से हुआ अध्यक्ष और महासचिव का फैसला
डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड प्रदेश विश्वकर्मा समाज गिरिडीह जिलाध्यक्ष और महासचिव का चुनाव विश्वकर्मा धाम भवन, कमरशाली में रविवार को हुआ। चुनाव धनबाद से आए पर्यवेक्षक उमेश शर्मा और गुप्तेश्वर शर्मा के पर्यवेक्षन में पीठासीन पदाधिकारी प्रदेश महासचिव देवनाथ राणा, सचिव सुनील भूषण एवं दिनेश राणा, संरक्षक कंठी विश्वकर्मा व भुवनेश्वर राणा ने कराया। प्रदेश महासचिव देवनाथ राणा ने चुनाव परिणाम की घोषणा की।
अध्यक्ष पद पर देवकी राणा और महासचिव पद पर सुनील राणा ने जीत दर्ज की। वोटिंग 11 बजे से 3 बजे तक हुआ। जिला भर के 206 वोटरों में से कुल 183 वोट के बैलेट पेपर कटे, लेकिन वोटिंग 178 सदस्यों ने की और 5 वोट पड़े ही नहीं। अध्यक्ष पद के 4 वोट रद्द हो गए। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी देवकी राणा को 96 वोट, बिनोद राणा को 68 वोट और कृष्ण मुरारी मिस्त्री को 10 वोट मिले। 4 वोट गलत मुहर और खाली छोड़ देने की वजह से रद्द हो गए। देवकी राणा ने 28 वोट से जीत दर्ज की। महासचिव पद पर प्रत्याशी सुनील राणा को 85 वोट, बैजनाथ राणा को 70 वोट और ज्योतिष शर्मा को 23 वोट मिले। सुनील राणा ने 15 वोट से जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष पद के लिए सिर्फ एक प्रत्याशी मनोज शर्मा ने नामांकन किया था। शर्मा निर्विरोध निर्वाचित हुए।
जीत दर्ज करने के बाद पर्यवेक्षक उमेश शर्मा और गुप्तेश्वर शर्मा ने अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष को जीत का सर्टिफिकेट प्रदान किया।
जीत दर्ज करने पर सभी ने जीत की बधाई दी।
इधर, नव निर्वाचित अध्यक्ष और महासचिव ने कहा कि समाज में महिला सशक्तिकरण और शिक्षा पर जोर दिया जाएगा। समाज में फैली कुरीतियों को दूर किया जायेगा और सभी की एकजुटता पर बल दिया जाएगा।