झरिया में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त : ढुलू महतो
सांसद ने कहा-हत्या की बीज बोने वाले बांट रहे ज्ञान, एसएसपी-सीएमडी से फोन पर बात कर कार्रवाई करने कहा, महाप्रबंधक को लगाई फटकार
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : झरिया विधानसभा क्षेत्र के घनुआड़ीह में आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा कथित रूप से रैयतों के जबरन जमीन कब्जा करने तथा दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना का जायजा लेने धनबाद के सांसद ढुलू महतो बुधवार को देर शाम घटनास्थल पहुंचे और प्रभावित ग्रामीणों और परिजनों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। सांसद ने कहा कि हत्या की बीज बोने वाले झरिया में ज्ञान बांट रहे हैं।
सांसद ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि झरिया एवं कोयलांचल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। आउटसोर्सिंग कंपनियों के संरक्षण में गरीबों की जमीन पर जबरन कब्जा किया जा रहा है, और विरोध करने वालों को डराने-धमकाने के लिए गोलीबारी जैसी घटनाएं हो रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है, और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल साबित हो रहा है। सांसद ने कहा कि यदि शीघ्र दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और ग्रामीणों को न्याय नहीं मिला तो वे इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतर कर डीसी कार्यालय का चक्का जाम करने का काम करेंगे। बीते 11 नवंबर को पांडे बेड़ा में हुई हत्या पर पुलिस अनुसंधान की कोताही और लापरवाही के विरोध में उसके परिजन झरिया बलियापुर मुख मार्ग में न्याय की मांग को लेकर सड़क पर लेट गए थे, जिस पर सांसद ढुलू महतो ने धनबाद के एसपी से दूरभाष पर बात कर परिजनों को अनुसंधान से संतुष्ट और सही जांच करने को कहा। इसके बाद सड़क जाम कर रहे लोग सड़क जाम से उठ गए और यातायात सामान्य हुई। उसके बाद कुम्हार पट्टी पहुंच कर स्थानीय ग्रामीणों से मिलकर उन्होंने बताया कि रात को रोज 100 गाड़ी कोयला चोरी की जाती है,विरोध करने पर प्रताड़ित किया जाता है। सांसद ने बीसीसीएल के सीएमडी से फोन पर वार्ता कर बताया कि किस प्रकार से अनावश्यक कोयला चोरी के लिए सड़क खोल दिया जाता है। उसका वीडियो क्लिप उनको भेज दिया गया है। वहीं लोदना क्षेत्र के महाप्रबंधक को दूरभाष पर फटकार लगाई और कहा की रास्ता को अविलंब बंद करें नहीं तो नौकरी गंवाने के लिए तैयार रहें। मौके पर मुख्य रूप से पूर्व पार्षद अनूप साव, सांसद प्रतिनिधि संजू वर्मा, मंडल अध्यक्ष अवधेश साव, श्रीराम गोराई, राज चौहान, अमित साव, सूरज भूईयां, विनोद पासवान, अनुज गोराई, भोला सेन मोदक, लीला बाउरी, मिथुन राम, प्रेम राम, रवि वर्मा, मंटु राम, शत्रुघ्न मालाकार, अभिषेक पांडे थे।