जदयू के वरिष्ठ नेता अवधेश महतो के निधन पर शोकसभा, पार्टी ने बताया अपूरणीय क्षति
डीजे न्यूज, धनबाद: जदयू के स्थापना काल से पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेता अवधेश महतो के निधन पर जिला जदयू की ओर से झाड़ूडीह स्थित प्रदेश महासचिव सुशील कुमार सिंह के आवासीय कार्यालय में शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। शोकसभा की अध्यक्षता गुलाब महतो ने की, जबकि संचालन जिलाध्यक्ष पिंटु कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव सुशील कुमार सिंह ने कहा कि अवधेश महतो जदयू के समर्पित, जुझारू और कुशल संगठनकर्ता थे। उन्होंने हमेशा मजदूरों, वंचित वर्गों और आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाया। वे जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विचारधारा के प्रति पूरी तरह समर्पित थे। उनके निधन से पार्टी ने एक समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संगठनकर्ता खो दिया है। यह पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।
शोकसभा में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अवधेश महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। वक्ताओं ने कहा कि पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, संघर्षशीलता और संगठन को मजबूत करने में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
शोकसभा में धनबाद जदयू जिलाध्यक्ष पिंटु कुमार सिंह, प्रदेश महासचिव सुशील कुमार सिंह, ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रामस्वरूप यादव, हाजी हबीब खान, प्रदेश सचिव राजू कुमार सिंह, मजदूर प्रकोष्ठ प्रभारी राजेंद्र राही, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष बबलू मोदक, शंकर चौरसिया, सकलदेव राय, विजय सिंह कुशवाहा, मोहम्मद तनवीर अहमद, धनलाल दुबे, राकेश बल्लभ सहाय, मजदूर प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सुभाष चंद्र सिंह, झप्पू सिन्हा, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव रीता रानी मंडल, योगेंद्र पासवान, राजेश मंडल, बैजू सिन्हा, सुनील मिस्त्री समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।