









हर वर्ग के लोगों के दिलों में बसने वाले सच्चे जननायक थे अटल बिहारी वाजपेयी : सुमित शरण

जामताड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि
डीजे न्यूज, जामताड़ा : जामताड़ा भाजपा जिला कार्यालय में शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष, विचारधारा और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।
जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी भारत माता के सच्चे सपूत, राष्ट्र मार्गदर्शक और सच्चे देशभक्त थे। वे एक जमीन से जुड़े नेता थे, जिन्होंने राजनीति में ईमानदारी और आदर्श स्थापित किए। उन्होंने कहा किअटल जी सिर्फ प्रधानमंत्री नहीं बल्कि हर वर्ग के लोगों के दिलों में बसने वाले सच्चे जननायक थे। उन्होंने आजीवन अविवाहित रहकर देश की सेवा करने का निर्णय लिया, जो उन्हें विशिष्ट बनाता है।
पोखरण परमाणु परीक्षण से पूरी दुनिया को दिखाया भारत का दम
भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने कहा कि वाजपेयी जी ने प्रधानमंत्री रहते हुए दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए पोखरण में पाँच भूमिगत परमाणु परीक्षण कराकर सम्पूर्ण विश्व को भारत की शक्ति का एहसास कराया। अमेरिका और यूरोपीय संघ सहित कई देशों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के बावजूद उनके नेतृत्व में भारत ने हर चुनौती का मजबूती से सामना किया।
सरल राजनीति और वाक्पटुता की पहचान थे वाजपेयी
भाजपा नेता सुनील हांसदा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक नाम नहीं, बल्कि भारत की सरल राजनीति, साहित्यिक और सामाजिक पहचान थे। उनके भाषणों और कविताओं ने करोड़ों लोगों को प्रेरित किया। वे अपने विनम्र स्वभाव, हास्य-विनोद और वाक्पटुता के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। इस मौके पर किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, जिला मंत्री मोहन शर्मा, सुजाता सिंह, महेंद्र मंडल, प्रवीण मिश्रा, निर्मल सोरेन, सूखेन्द्र टुडू, मनोज डे सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।













































