हम(से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष 26 को धनबाद में, ‘हक़ की बात, हम (से.) के साथ’ अभियान का करेंगे शुभारंभ
डीजे न्यूज, धनबाद:
झारखंड की धरती पर गरीबों, वंचितों, शोषितों, पिछड़ों एवं समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के अधिकारों की आवाज़ बुलंद करने के उद्देश्य से हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) एक नई राजनीतिक पहल की शुरुआत करने जा रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन के आगामी 26 अक्टूबर को धनबाद आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं आम नागरिकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर धनबाद के न्यू टाउन हॉल में ‘हक़ की बात, हम (से.) के साथ’ जनसंपर्क अभियान का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी की ओर से व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) झारखंड में गरीबों, दलितों, वंचितों, पिछड़ों, आदिवासियों, मजदूरों, किसानों, युवाओं एवं महिलाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक भागीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के उन लोगों तक न्याय, सम्मान, अवसर और अधिकार पहुँचाना है, जिनकी आवाज़ लंबे समय से व्यवस्था के सामने अपेक्षित प्रभाव के साथ नहीं पहुँच पाई है।
इस संबंध में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष हरे कृष्ण महाराज ने कहा कि झारखंड में पार्टी गरीबों, वंचितों और शोषितों की बुलंद आवाज़ बनकर उभरेगी। उन्होंने कहा कि डॉ. संतोष कुमार सुमन का आगमन झारखंड के उन लोगों के लिए नई उम्मीद, नए विश्वास और नई ऊर्जा का संदेश लेकर आ रहा है, जो अपने हक़, सम्मान और बेहतर भविष्य की अपेक्षा रखते हैं।
गरीबों, पिछड़ों, वंचितों और शोषितों को अब अपने अधिकारों के लिए एक सशक्त मंच मिलने जा रहा है। ‘हक़ की बात, हम (से.) के साथ’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन की आवाज़ को बुलंद करने का संकल्प है। हमारा प्रयास होगा कि समाज के अंतिम व्यक्ति की समस्या भी पार्टी की आवाज़ बने और उसकी जायज मांगों को संबंधित मंचों तक पहुँचाकर समाधान की दिशा में ठोस पहल की जाए।
उन्होंने कहा कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) का विश्वास है कि लोकतंत्र की वास्तविक मजबूती तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर, सम्मान और न्याय मिले। पार्टी झारखंड के गाँवों, पंचायतों, प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों तक पहुँचकर जनसमस्याओं को समझने तथा उनके समाधान के लिए जनजागरण अभियान चलाएगी। शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, मजदूरों के हित, किसानों की समस्याएँ और युवाओं के भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषय अभियान के प्रमुख केंद्र में रहेंगे।
डॉ. संतोष के नेतृत्व, मार्गदर्शन और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता से झारखंड में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं तथा सभी जागरूक नागरिकों से 26 अक्टूबर को धनबाद के न्यू टाउन हॉल पहुँचकर इस जनहितकारी पहल को सफल बनाने की अपील की।