




गुरु-शिष्य परंपरा का अनूठा उदाहरण : उपाध्यक्ष ने अपने ही स्कूल में साझा की प्रेरणादायक कहानी
डीजे न्यूज, हुसैनाबाद (पलामू) : राजकीयकृत मध्य विद्यालय, हुसैनाबाद में शुक्रवार, 20 मार्च 2026 को आयोजित मॉर्निंग असेंबली उस समय खास बन गई, जब नगर पंचायत उपाध्यक्ष एवं विद्यालय के पूर्व छात्र सुनील कुमार चौधरी अपने पुराने विद्यालय पहुंचे। उनके आगमन से विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।

दैनिक कार्यक्रम के तहत प्रार्थना, राष्ट्रगान, संविधान की प्रस्तावना, स्वच्छता संकल्प एवं सामान्य ज्ञान की पुनरावृत्ति कराई गई। इसके बाद शिक्षिका सुषमा पांडेय ने जेसीईआरटी द्वारा प्रेषित न्यूज+क्विज का वाचन किया, जिसमें अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और क्षेत्रीय समाचारों को शामिल किया गया।
शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को सामान्य ज्ञान के विविध विषयों—पुस्तक-लेखक, मंत्रिमंडल, विज्ञान, संविधान, पोषण, हिंदी एवं अंग्रेजी व्याकरण—पर जानकारी दी। इसके पश्चात विद्यार्थियों से 50 प्रश्न पूछे गए, जिनका उन्होंने आत्मविश्वास और शालीनता के साथ उत्तर दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष सुनील कुमार चौधरी एवं समाजसेवी प्रदीप पटेल को माला, पुष्पगुच्छ एवं पेन-डायरी देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में सुनील कुमार चौधरी अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय से मिले संस्कार उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने अपने गुरुजनों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे आज भी उनकी सीख को जीवन में अपनाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे यहां किसी पदाधिकारी के रूप में नहीं, बल्कि एक शिष्य के रूप में आए हैं।
उन्होंने विद्यालय में पेयजल की समस्या के समाधान का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद, शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता, शिक्षिकाएं सुषमा पांडेय, आशा कुमारी, पूनम कुमारी, रश्मि प्रकाश तथा कंप्यूटर शिक्षक प्रमोद मेहता सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित थे।



