गोधर छह नंबर के भू-धंसान प्रभावितों ने दिया धरना, पुनर्वास की मांग

Advertisements

गोधर छह नंबर के भू-धंसान प्रभावितों ने दिया धरना, पुनर्वास की मांग

डीजे न्यूज, केंदुआ(धनबाद) : गोधर 6 नंबर के लोगों ने सुरक्षित पुनर्वास की मांग को लेकर गुरुवार को प्रबंधन के खिलाफ धरना दिया। धरना के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में भू-धंसान का लगातार खतरा बना हुआ है, जिससे लोगों के जान-माल पर संकट मंडरा रहा है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की।

इस मौके पर शिवनंदन पासवान ने कहा कि गोधर 6 नंबर में पिछले 18 मई को भू-धंसान की घटना हुई थी, जिसमें उनका डेकोरेशन का लाखों रुपये का सामान क्षतिग्रस्त हो गया था। भू-धंसान से पार्वती देवी और राम इकबाल विश्वकर्मा के घरों को भी नुकसान पहुंचा था। घटना के बाद गोधर-कुसुंडा प्रबंधन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।

उन्होंने बताया कि प्रबंधन की ओर से राम इकबाल विश्वकर्मा को बेलगढ़िया में आवास आवंटित कर दिया गया है, लेकिन उन्हें अब तक कोई घर नहीं दिया गया है। वहीं पार्वती देवी को गोंदूडीह क्षेत्र के खारिकाबाद में एक जर्जर और अव्यवस्थित आवास दिया गया था, जिसके कारण उन्होंने वहां शिफ्ट नहीं किया।

शिवनंदन पासवान ने कहा कि बस्ती में लगभग डेढ़ सौ की आबादी निवास करती है और सभी लोग भू-धंसान के खतरे के साये में जीवन बिता रहे हैं। उन्होंने बस्तीवासियों के साथ मिलकर प्रबंधन से सभी प्रभावित परिवारों के सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग की।

धरना में रामा पासवान, नगीना पासवान, डॉ. राजू, दिनेश धारी, श्रवण पासवान, बालिका देवी, राजेंद्र साव, शीला देवी, गीता देवी, रकीबा खातून, प्रयाग चौहान सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top