गिरिडीह से दिल्ली की राह होगी आसान

Advertisements

गिरिडीह से दिल्ली की राह होगी आसान

 ट्रेन के फेरे बढ़ाने की मांग पर रेलवे बोर्ड की पहल

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। न्यू गिरिडीह रेलवे स्टेशन से संचालित 14049/14050 गोड्डा–नई दिल्ली एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने की मांग पर रेलवे बोर्ड ने संज्ञान लेते हुए मामले को आगे की कार्रवाई के लिए कार्यकारी निदेशक के पास भेज दिया है। इससे जिले के लाखों यात्रियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही दिल्ली के लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो सकती है।

सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष को पत्र भेजकर मांग की थी कि वर्तमान में सप्ताह में केवल एक दिन चलने वाली गोड्डा–नई दिल्ली एक्सप्रेस का संचालन कम-से-कम तीन दिन किया जाए। इस मांग पर रेलवे बोर्ड ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए प्रकरण को रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक श्री रत्नेश कुमार झा के पास आवश्यक विचार और कार्रवाई के लिए अग्रसारित कर दिया है।

गिरिडीह झारखंड के सबसे बड़े और अधिक आबादी वाले जिलों में गिना जाता है। यहां से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, व्यवसाय, चिकित्सा और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए दिल्ली तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की यात्रा करते हैं। बावजूद इसके, नई दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा के रूप में केवल सप्ताह में एक दिन गोड्डा–नई दिल्ली एक्सप्रेस का संचालन हो रहा है, जो यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप नहीं माना जाता।

प्रस्ताव में कहा गया है कि ट्रेन के फेरे बढ़ने से गिरिडीह सहित आसपास के क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को सुविधा मिलेगी। साथ ही यात्रियों की संख्या बढ़ने से भारतीय रेल के राजस्व में भी वृद्धि होगी। इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

रेल यात्रियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने रेलवे बोर्ड द्वारा मामले को आगे बढ़ाए जाने का स्वागत किया है। लोगों को उम्मीद है कि जनहित और बढ़ती यात्री मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन जल्द ही इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेगा और गिरिडीह–दिल्ली रेल संपर्क को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top