गिरिडीह पुलिस ने 105 लोगों को लौटाए फोन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह पुलिस के अभियान ‘आपके मोबाइल आपके पास’ के तहत शुक्रवार को 105 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस लौटाए गए। पुलिस लाइन स्थित मल्टी पर्पज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल धारकों को उनके बरामद फोन सौंपे गए। पुलिस के अनुसार, तकनीकी टीम की मदद से इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया गया है। अभियान के तहत अब तक एक हजार से अधिक खोए मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को लौटाए गए मोबाइलों में कुछ ऐसे फोन भी शामिल थे, जो छह महीने से लेकर चार वर्ष पहले तक खो गए थे। तकनीकी टीम लगातार मोबाइल फोन को ट्रेस करने में जुटी है। इसी कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस को अलग-अलग मामलों में मोबाइल बरामद करने में सफलता मिल रही है।
मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। मोबाइल धारकों ने गिरिडीह पुलिस और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल खोने के बाद नया फोन खरीदना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन पुलिस की पहल से उनका पुराना मोबाइल वापस मिल गया। इस दौरान राजकमल महतो, मनोज कुमार गुप्ता, विवेक कुमार भदानी और राहुल कुमार पासवान ने मोबाइल मिलने पर खुशी जाहिर की।
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि ‘आपके मोबाइल आपके पास’ अभियान के माध्यम से अब तक एक हजार से अधिक लोगों को उनके खोए मोबाइल वापस किए जा चुके हैं। इनमें आर्थिक रूप से कमजोर लोग भी शामिल हैं, जिनके लिए दोबारा मोबाइल खरीदना मुश्किल होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने को सूचना दें, ताकि तकनीकी माध्यम से मोबाइल को ट्रेस करने की कार्रवाई शुरू की जा सके।
कार्यक्रम में डीएसपी नीरज सिंह, डीएसपी-2 आरके राणा समेत कई पुलिस पदाधिकारी और मोबाइल धारक मौजूद थे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि खोए और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए तकनीकी स्तर पर अभियान आगे भी जारी रहेगा।