
गिरिडीह में कांग्रेस ने निकाली संविधान बचाओ रैली
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को जिला स्तरीय संविधान बचाओ रैली शहर में निकाली। रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रैली शहर के मुख्य मार्ग से भ्रमण करते हुए होटल संगम गार्डन के हाल में एक सभा में तब्दील हो गई।
रैली में मुख्य रूप से झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष शहजाद अनवर एवं जिला के पर्यवेक्षक मांडू के पूर्व विधायक जयप्रकाश भाई पटेल उपस्थित रहे। रैली में कार्यकर्ता नारा लगा रहे थे – “संविधान बचाओ देश बचाओ”, “संविधान की रक्षा कौन करेगा, हम करेंगे हम करेंगे”, “महात्मा गांधी अमर रहे”, “बाबा साहेब अंबेडकर अमर रहे”।
बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण
रैली के दौरान अंबेडकर चौक पर बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। रैली के पश्चात आयोजित सभा में तमाम कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शहजाद अनवर ने कहा कि आज केंद्र में बैठी सरकार पूरी तरह से संविधान को खत्म कर देना चाहती है, जबकि हमारा संविधान दुनिया के श्रेष्ठ संविधानों का अध्ययन कर पूरे विश्व का सर्वश्रेष्ठ संविधान बनाया गया। जिस संविधान को बाबा साहेब अंबेडकर ने डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद जैसे महापुरुष ने मिलकर बनाया, आज उस संविधान को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी संसद से लेकर सड़क पर मौजूद है। क्योंकि हमने देश बनाया है, हम ही देश बचाएंगे।
सभा को संबोधित करते हुए जिला के पर्यवेक्षक जयप्रकाश भाई पटेल ने कहा कि आजादी के पूर्व से ही कांग्रेस पार्टी ने लगातार राष्ट्र निर्माण का काम किया है और संविधान जो हमारा दुनिया का सर्वश्रेष्ठ संविधान है, उसको बनाने के लिए लगातार काम किया है। आज उस संविधान को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है, जिसे हम कांग्रेस के कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके लिए हमें सड़क से लेकर सदन तक जो भी संघर्ष करना पड़े, हम करेंगे। हमारे नेता राहुल गांधी ने जो लड़ाई शुरू की है, उसे लड़ाई को परिणाम तक हम लेकर जाएंगे। इसके लिए चाहे हमें पंचायत स्तर और बूथ स्तर तक जाना पड़े तो भी हम जाएंगे।
सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता पूरी मजबूती से संविधान की रक्षा के लिए खड़ा है। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता यह जानता है कि हमने देश को आजादी दिलाई है और इस आजादी को अक्षुण्ण रखना हमारा कर्तव्य है। प्रदेश कांग्रेस के सचिव अजय कुमार सिन्हा ने कहा कि संविधान बचाने के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता जान लगा देगा।
जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि इस देश में एक विचारधारा जो पिछले 100 वर्षों से देश की रगों में जहर घोलने का काम कर रही है, वह आज पूरी तरह से देश को तोड़ना चाहती है, संविधान को नष्ट करना चाहती है। सभा को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव नरेश वर्मा, ऋषिकेश मिश्रा, उपेंद्र सिंह, मोहम्मद इकबाल अहमद, राजा नूरी, मोहम्मद निजामुद्दीन, मनोज राय, अभिनंदन प्रताप सिंह, अशोक निराला, रणधीर चौधरी, इम्तियाज अंसारी, निजामुद्दीन अंसारी, अहमद राजा नूरी, इतवारी वर्मा, दुर्गा शर्मा, इशरत परवीन, रोशनीटा हेंब्रम, नकुल सिंह, रघुनंदन प्रसाद सिंह, जुनेद आलम आदि ने संबोधित किया।