
गिरिडीह में दो समुदायों में झड़प, प्रशासन की तत्परता से स्थिति नियंत्रित
डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगर थाना क्षेत्र के धरियाडीह में ईद के मौके पर दो समुदायों के बीच झड़प और पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। यह विवाद रामनवमी का डंका बजाने और ईद के गाने बजाने को लेकर हुआ, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए कड़ी कार्रवाई की। पुलिस और प्रशासन की तत्परता से उपद्रवियों की एक न चली।
मौके पर एसडीएम विस्पुते श्रीकांत, एसडीपीओ जितवाहन उराव, डीएसपी नीरज कुमार सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी कैलाश महतो समेत नगर, मुफ्फसिल और पचंबा थाना के थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ कैंप कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है और शांति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।