एसआईआर पर विपक्ष के आरोपों को लेकर भाजपा का पलटवार, छोटेलाल यादव ने उठाए सवाल

एसआईआर पर विपक्ष के आरोपों को लेकर भाजपा का पलटवार, छोटेलाल यादव ने उठाए सवाल

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह परिसदन में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिला परिषद उपाध्यक्ष छोटेलाल यादव ने निर्वाचन आयोग की हालिया स्थिति स्पष्ट करने वाली जानकारी का हवाला देते हुए कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के बयान से एसआईआर और आयोग के भीतर कथित मतभेद को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों की स्थिति स्पष्ट हो गई है।

छोटेलाल यादव ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त डॉ. एसएस संधू तथा डॉ. विवेक जोशी की मौजूदगी वाली पूर्ण आयोग की बैठकों में एसआईआर से जुड़े निर्णयों को सर्वसम्मति से मंजूरी दिए जाने की बात निर्वाचन आयोग ने कही है। 26 सितंबर की बैठक के बाद आयोग ने भी स्पष्ट किया था कि एसआईआर से संबंधित निर्णय पूर्ण आयोग की स्वीकृति से लिए गए थे।

उन्होंने कहा कि कैबिनेट सचिव को भेजा गया पत्र किसी चुनावी नीति या एसआईआर से संबंधित नहीं था, बल्कि प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत एक अधिकारी से जुड़े मामले को लेकर था। निर्वाचन आयोग की ओर से भी पत्र को नीति संबंधी विषय से अलग बताते हुए अधिकारी के कामकाज से संबंधित बताया गया है।

जिप उपाध्यक्ष ने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल खड़े करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव परिणामों के बाद ईवीएम, निर्वाचन आयोग, सुप्रीम कोर्ट और सीएजी जैसी संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय राजनीतिक दलों को तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी नेताओं से संवैधानिक संस्थाओं को लेकर लगाए गए आरोपों पर देश से माफी मांगने की मांग की।

प्रेस वार्ता में भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय और ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा भी मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top