एपीके लिंक से केवाईसी के नाम पर ठगी, वाट्सएप बना हथियार

Advertisements

एपीके लिंक से केवाईसी के नाम पर ठगी, वाट्सएप बना हथियार

जामताड़ा गैंग का नेटवर्क देशभर में फैला, दो साइबर अपराधी गिरफ्तार

डीजे न्यूज, जामताड़ा : जामताड़ा पुलिस ने साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक्सिस बैंक के ग्राहकों को निशाना बनाकर फर्जी APK लिंक के जरिए उनकी गोपनीय जानकारी हासिल कर ई-वॉलेट के माध्यम से ठगी करते थे। गिरोह का नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ था।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के काशीटॉड़ गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पीछे छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान साइबर अपराध करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में सुरेश कुमार दास (24) और दीपक कुमार दास (19) शामिल हैं, जो जामताड़ा जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से 7 मोबाइल और 7 सिम कार्ड बरामद किए हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी एक्सिस बैंक के खाताधारकों को व्हाट्सएप पर फर्जी मैसेज भेजते थे, जिसमें खाता बंद होने का डर दिखाकर KYC अपडेट कराने के लिए APK फाइल डाउनलोड करने को कहा जाता था। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल को डाउनलोड करता, उसकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी अपराधियों तक पहुंच जाती और वे ई-वॉलेट के जरिए पैसे उड़ा लेते थे।

इस संबंध में जामताड़ा साइबर थाना कांड संख्या 22/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार इस गिरोह का कार्यक्षेत्र मुख्य रूप से पूरे भारत में फैला हुआ था और ये लोग अलग-अलग राज्यों के लोगों को निशाना बनाते थे। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top