

एनकाउंटर नहीं, हत्या है सूर्या हांसदा की मौत : अर्जुन मुंडा
डीजे न्यूज, जामताड़ा : सूर्या नारायण हांसदा एनकाउंटर मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा रविवार को हांसदा के परिजनों से मिलने पहुंचे। इस क्रम में पोसाई मोड़ पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान अर्जुन मुंडा ने कहा कि सूर्या हांसदा का एनकाउंटर असल में एक सुनियोजित हत्या है। वे लगातार झारखंड के खनिज संपदा की लूट, धर्म परिवर्तन और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे थे। गरीब आदिवासी बच्चों की शिक्षा और समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य भी उन्होंने किया। इन्हीं कारणों से वे विरोधियों की आंखों में खटक रहे थे। मुंडा ने कहा कि पुलिस प्रशासन के बयान और एफआईआर में बड़ा विरोधाभास है, जिससे पूरा मामला संदिग्ध हो जाता है। उन्होंने मांग की कि इस घटना की जांच सीबीआई से हो ताकि सच्चाई सामने आ सके।
- भाजपा ने गठित की सात सदस्यीय जांच टीम
- भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने सूर्या हांसदा की निर्मम हत्या को एनकाउंटर का नाम दे दिया है, जिससे पूरे झारखंड में आक्रोश है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सात सदस्यीय जांच टीम गठित की है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, अमर बाउरी, भानु प्रताप शाही, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, अमित मंडल, रणधीर सिंह और अनीता सोरेन शामिल हैं। मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय, भाजपा नेता सुनील हांसदा, दुबराज मंडल, तरुण गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, प्रवीण मिश्रा, अबीता हांसदा, सूखेन्द्र टुडू, मनोज दे, रमेश राउत समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे
