




ईद और रामनवमी त्योहार को लेकर पीरटांड में शांति समिति की बैठक
डीजे न्यूज, पीरटांड, गिरिडीह : पीरटांड़ प्रखंड में आगामी ईद उल फितर और रामनवमी त्योहार को लेकर शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख सविता टुडू ने की, जिसमें अंचलाधिकारी (सीओ) ह्रषिकेश मरांडी, उपप्रमुख महेंद्र महतो, विभिन्न थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने दोनों प्रमुख त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के साथ मनाने पर जोर दिया। बीडीओ मनोज मरांडी ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।



