दिल्ली में आल इंडिया ट्रैकमेन्टेनर्स महासम्मेलन संपन्न
ट्रैकमैन्टेनर्स के विभिन्न ग्रेड पे की प्रतिशतता में बड़ा परिवर्तन
डीजे न्यूज, धनबाद: ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के तत्वावधान में बुधवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में ऑल इंडिया ट्रैकमैन्टेनर्स महासम्मेलन आयोजित किया गया। अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पूरे भारत से ट्रैकमेन्टेनर्स शामिल हुए । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव थे और संचालन एआईआरएफ के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा ने किया।
उक्त जानकारी देते हुए धनबाद ईसीआरकेयू के मीडिया प्रभारी एनके खवास ने बताया कि मौके पर उपस्थित एआईआरएफ वर्किंग कमिटी मेम्बर एवं ईसीआरकेयू के अपर महामंत्री मो ज़्याऊद्दी और शिव गोपाल मिश्रा ने बताया कि ट्रैकमेन्टेनर्स के लिए व्यापक पदोन्नति के रूप में कैडर रिस्ट्रक्चरिंग कमिटी में फेडरेशन के प्रस्ताव पर रेलवे बोर्ड स्तर पर सहमत हो चुकी है। अब उच्च ग्रेड पे में अधिक से अधिक प्रतिशत ट्रैकमेन्टेनर्स को इसका लाभ वर्ष 2023 से ही मिल जाएगा। साथ ही, वेतन आयोग के समक्ष 4200 ग्रेड पे देने सहित कनीय अभियंता रेल पथ तक पदोन्नति चैनल का प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने बताया कि रेलमंत्री ने अपनी बात रखते हुए कहा कि ग्रासरूट पर काम कर रहे ट्रैकमेन्टेनर्स रेल संरचना के महत्वपूर्ण अंग हैं । हम सभी मिलकर इनके बेहतर वेतन, भत्ते, पदोन्नति प्रक्रिया और सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
इस कार्यक्रम में ईसीआरकेयू की ओर से भी पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल से रणधीर प्रसाद एवं विकास कुमार, संजय कुमार, रंजीत पाण्डेय, रवींद्र कुमार, दीपक कुमार, अरविंद, अजय, महेंद्र कुमार के प्रतिनिधित्व में सैंकड़ों ट्रैकमेन्टेनर्स सफल आयोजन में सहभागी बने।