धनबाद में पहली बार हुआ भव्य “आम महोत्सव” का आयोजन सीधे किसानों से लोगों के घर तक पहुंची विभिन्न प्रजाति की आम बलियापुर, निरसा सहित सभी हाट बनेंगे उत्कृष्ट बाजार

धनबाद में पहली बार हुआ भव्य “आम महोत्सव” का आयोजन

सीधे किसानों से लोगों के घर तक पहुंची विभिन्न प्रजाति की आम

बलियापुर, निरसा सहित सभी हाट बनेंगे उत्कृष्ट बाजार

डीजे न्यूज, धनबाद: रविवार को बैंक मोड़ स्थित डीएमसी मॉल में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के तत्वावधान में भव्य आम महोत्सव का आयोजन किया गया। उदघाटन डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार तथा जिप अध्यक्ष शारदा सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त  आशीष गंगवार भी मौजूद थे।

उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने सभी स्टॉल का भ्रमण किया एवं आम की विभिन्न प्रजातियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि आम महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य सीधे किसानों से लोगों के घर तक ऑर्गेनिक तरीके से पके आम पहुंचना है। साथ में स्थानीय आम उत्पादकों एवं स्वयं सहायता समूहों को बाजार से जोड़ने तथा उनके उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से भी इसका आयोजन किया गया है।

आम महोत्सव में लोगों का भारी उत्साह और खरीददारों की भारी भीड़ को देखते हुए उपायुक्त ने कहा कि यह स्पष्ट संकेत है कि लोगों ने आम को बहुत पसंद किया है। इसलिए किसानों को हर सहायता प्रदान कर आम की उपज को दुगना करना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने कहा कि नरेगा से 5 एकड़ भूमि पर आम बागवानी करने वाले किसानों को डीएमएफटी से पानी का स्रोत उपलब्ध कराया जाएगा। इससे उनकी उपज और आमदनी में वृद्धि होगी। साथ में बताया कि जिले के बलियापुर, निरसा सहित अन्य हाट बाजारों का उन्नयन कर उसे उत्कृष्ट बाजार बनाया जाएगा। जिसमें सारी व्यवस्था सुदृढ़ रहेगी‌।

उपायुक्त ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने तथा किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों की आय में वृद्धि के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आम उत्पादकों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण उत्पादन एवं विपणन के लिए प्रोत्साहित किया।

आम महोत्सव में गोविंदपुर किसान साथी प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, बलियापुर कृषि उत्थान महिला प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, पलाश मार्ट, निरसा नारी शक्ति कृषि उत्थान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, जय धरती मां फाउंडेशन ने अपने-अपने स्टाल लगाए थे। वहीं लंगड़ा, दशहरी, आम्रपाली, सिंदूरी, मल्लिका, मियाजाकी, चौसा, भागलपुरी रानी सहित अन्य प्रजाति की आम देखने को मिले।

मैके पर सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद, जिला कृषि पदाधिकारी अभिषेक मिश्रा, जेएसएलपीएस के डीपीएम सुदिप्ता बनर्जी, संतोष कुमार, अमर कुमार श्रीवास्तव के अलावा बड़ी संख्या में प्रशासन के कर्मी और आम नागरिक मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top