धनबाद के सिजुआ में भू-धंसान, एक की मौत विरोध में नागरिकों ने कतरास-करकेंद सड़क मार्ग को किया जाम

धनबाद के सिजुआ में भू-धंसान, एक की मौत

विरोध में नागरिकों ने कतरास-करकेंद सड़क मार्ग को किया जाम

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): जोगता थाना क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल कतरास क्षेत्र के सिजुआ मोड़ स्थित तीन पटिया टोला में मंगलवार अहले सुबह हुई भू-धंसान की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल है।

बताया जा रहा है कि भू-धंसान की चपेट में आने से गुड्डू भुइयां के पुत्र की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

भू-धंसान की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि क्षेत्र में लगा बिजली का तार और बड़ा पीपल का पेड़ करीब 10 फीट नीचे धंस गया है। इससे आसपास के लोगों की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि जमीन के नीचे की स्थिति अभी भी खतरनाक हो सकती है।
भू धंसान और मौत की घटना से आक्रोशित  ग्रामीणों ने कतरास-करकेंद मुख्य मार्ग को सिजुआ दस नंबर मोड़ के पास जाम कर वहीं धरना पर बैठ गए हैं। आंदोलनकारी मृतक के परिजनों को मुआवजा और मोहल्ले वालों को सुरक्षित स्थानों पर बसाने ने की मांग कर रहे हैं।

 

घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने इसके लिए बीसीसीएल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना है कि अवैध कोयला खनन के कारण क्षेत्र में लगातार भू-धंसान की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन स्थायी सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावित लोगों के पुनर्वास की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

 

लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं से लोगों में सवाल उठ रहा है कि आखिर कब तक इलाके के लोग अपनी जान जोखिम में डालकर रहने को मजबूर रहेंगे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है ।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top