देवघर उपायुक्त ने जनता दरबार में सुनीं समस्याएं, कई मामलों का समाधान

Advertisements

देवघर उपायुक्त ने जनता दरबार में सुनीं समस्याएं, कई मामलों का समाधान

डीजे न्यूज, देवघर : जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के सभी संबंधित अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे, ताकि आमजनों की शिकायतों का ऑन द स्पॉट समाधान किया जा सके।

जनता दरबार के दौरान शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान, अनुकम्पा, बिजली बिल माफी, झारखण्ड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, फसल बीमा, भू-राजस्व, पेंशन, आवास समेत अन्य समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी फरियादियों की बातें सुनीं और भरोसा दिलाया कि सभी शिकायतों की जांच कराकर जल्द समाधान किया जाएगा।

मईंया सम्मान योजना, पेंशन व राजस्व मामलों का त्वरित निष्पादन

जनता दरबार के दौरान झारखण्ड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, पेंशन एवं राजस्व से जुड़े कई मामलों का संबंधित विभागों द्वारा तत्काल निराकरण किया गया।

बिजली बिल त्रुटि पर सख्ती

उपायुक्त ने बिजली बिल में त्रुटि से संबंधित शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजनों को कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।

भूमि-राजस्व मामलों पर भी निर्देश

देवीपुर अंचल में जमीन पर्चा से जुड़े मामलों को लेकर उपायुक्त ने अंचलाधिकारी देवीपुर को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही अपर समाहर्ता के माध्यम से जिले के सभी अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व एवं भूमि संबंधित मामलों का ससमय निष्पादन करना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की भौतिक जांच कर जल्द से जल्द समाधान करें तथा एक सप्ताह के भीतर प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि शिकायतों के निष्पादन की निगरानी की जा सके।

इस अवसर पर सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, संबंधित विभागों के अधिकारी, डीएमएफटी टीम व अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top