





देशभर में वॉलीबॉल को नई ऊंचाई देगा मोंगिया अकादमी
गिरिडीह में ओलंपिक दिवस : उपायुक्त रामनिवास यादव ने किया मोंगिया वॉलीबॉल अकादमी का दौरा, विश्वस्तरीय प्रयास को सराहा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : विश्व बंधुत्व और ओलंपिक भावना को समर्पित ओलंपिक दिवस के अवसर पर मोंगिया नेशनल वॉलीबॉल अकादमी में विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए और अकादमी में मौजूद अंतर्राष्ट्रीय मानकों की सुविधाओं की सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि वे पहले से मोंगिया स्टील और डॉ. मोंगिया के कार्यों से अवगत थे। गिरिडीह में स्थापित यह अत्याधुनिक वॉलीबॉल अकादमी एक प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र देशभर में वॉलीबॉल खेल को एक नई ऊंचाई प्रदान करेगा और सभी प्रशिक्षुओं के लिए एक बेहतरीन अवसर है।

एमएनवीए के चेयरमैन डॉ. गुणवंत सिंह मोंगिया ने सभी का स्वागत किया और विश्वास दिलाया कि वे आगे भी इस संस्थान में वैज्ञानिक तकनीक और बेहतरीन सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करेंगे, ताकि कम समय में बच्चों को अधिकतम लाभ मिल सके।
गौरतलब है कि यह अकादमी वर्तमान में 40 बच्चों को प्रशिक्षण प्रदान कर रही है, जिनमें झारखंड, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और हरियाणा जैसे राज्यों से आए खिलाड़ी शामिल हैं। बच्चों के रहने, खाने-पीने, पढ़ने-लिखने और सभी आवश्यकताओं का खर्च डॉ. मोंगिया स्वयं वहन कर रहे हैं। यह देश का इकलौता ऐसा केंद्र है जहां इंडोर स्टेडियम तक की सुविधा उपलब्ध है।
कार्यक्रम में मोंगिया स्टील के डायरेक्टर हरिंदर सिंह मोंगिया, बलविंदर सिंह मोंगिया, एमएनवीए के सचिव जयदीप सरकार, सदस्य राकेश कुमार, अभय सिंह, आदिल सिद्दीकी और एलबी सिन्हा समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




