डीसी के जनता दरबार में पहुंचे 50 से अधिक फरियादी, समस्याओं के त्वरित निपटारे का निर्देश 

डीसी के जनता दरबार में पहुंचे 50 से अधिक फरियादी, समस्याओं के त्वरित निपटारे का निर्देश 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला प्रशासन के जनता दरबार में शुक्रवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों से 50 से अधिक फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने अपने कार्यालय कक्ष में एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया।

जनता दरबार में बिजली विपत्र, भूमि विवाद, पेंशन, रोजगार, आवास, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा तथा पारिवारिक विवाद समेत कई मामले सामने आए। फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपे। उपायुक्त ने मामलों की गंभीरता को समझते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जिन मामलों का समाधान तत्काल स्तर पर संभव है, उनका शीघ्र निपटारा किया जाए। वहीं, जिन मामलों में जांच या अन्य स्तरों से कार्रवाई की आवश्यकता है, उन्हें भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

 

हर आवेदन की हो नियमित मॉनिटरिंग

उपायुक्त ने अधिकारियों को जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्रवाई की स्थिति से अवगत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

जनता दरबार के दौरान कई मामलों का तत्काल समाधान भी किया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि लोगों की शिकायतों का पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मौके पर सहायक समाहर्ता यश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top