दामोदर नदी में माता-पिता के आंखों के सामने डूब गया मासूम

Advertisements

दामोदर नदी में माता-पिता के आंखों के सामने डूब गया मासूम

 

शीतला मंदिर में पोते के जीवित होने की आस में शव को रखकर मिन्नतें करने लगीं दादी

डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : भौंरा ओपी क्षेत्र के भौंरा जहाजटांड दामोदर छठ घाट पर रविवार सुबह करीब 9:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें भौंरा छह नंबर मल्लाह पट्टी निवासी बबलू गुप्ता के 9 वर्षीय पुत्र शिवम गुप्ता की नदी में डूबने से मौत हो गई।

बताया जाता है कि शिवम अपने माता-पिता के साथ दामोदर नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बेटे को डूबता देख माता-पिता ने शोर मचाया, जिसके बाद पास में नहा रहे कुछ युवकों ने उसे बाहर निकाला।

आनन-फानन में परिजन उसे जामाडोबा टाटा हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से शव घर लाने के बाद मृतक की दादी जया देवी ने शीतला मंदिर में पोते के जीवित होने की आस में शव को रखकर मिन्नतें करने लगीं। इसी दौरान कुछ पल के लिए बच्चे की आंख खुलने और गले से आवाज आने की बात सामने आई, जिससे परिजनों में उम्मीद जगी।

परिजन तुरंत उसे दोबारा टाटा हॉस्पिटल ले गए, जहां चिकित्सकों ने पुनः जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर घर लौट आए। मृतक शिवम गुप्ता ईडेन स्कूल भौंरा में द्वितीय कक्षा का छात्र था। घटना की सूचना मिलने पर भौंरा ओपी पुलिस अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। परिजन और स्थानीय लोग शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने की मांग कर रहे हैं।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। दादी जया देवी, पिता बबलू गुप्ता, मां शांति देवी, बहन और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। मां शांति देवी बार-बार बेहोश हो जा रही थीं, जबकि दादी अपने पोते के शव को गोद में लेकर उसे जगाने की गुहार लगाती रहीं। इस मार्मिक दृश्य को देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top