डालसा ने पूर्वी टुंडी के मोहलीडीह में लगाया जागरूकता शिविर
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) धनबाद के सचिव मयंक तुषार टोपनो के निर्देशानुसा बुधवार को प्रखंड के मोहलीडीह पंचायत अंतर्गत नया विश्वाडीह गांव में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। डालसा के पीएलवी ओमप्रकाश दास तथा सोनोत संथाल समाज के प्रखंड अध्यक्ष संदीप हंसदा के सहयोग से आदिवासी टोला के ग्रामीणों को झालसा द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई । शिविर में मानव-वन्यजीव संघर्ष पीड़ितों के लिए मुआवजा, संवाद योजना, जागृति योजना, डॉन योजना, आशा योजना और वीर परिवार योजना के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गई। ग्रामीणों को लोक अदालत, नेशनल लोक अदालत और विधिक सहायता केंद्र के लाभ बताए गए। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि गरीब और जरूरतमंद लोग कैसे निःशुल्क अधिवक्ता की सेवा ले सकते हैं। किसी भी कानूनी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 15100 के बारे में विशेष रूप से बताया गया ताकि ग्रामीण घर बैठे मदद प्राप्त कर सकें। सुदूरवर्ती क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक कानूनी अधिकारों की जानकारी पहुँचाना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर सशक्त बनाना ही इस शिविर का मुख्य उद्देश्य रहा।