
डॉ दीपक बगेड़िया आवास डकैती कांड के आरोपितों को जेल से निकालने की साजिश रचने के छह आरोपित साक्ष्य के अभाव में बरी
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह के पचंबा में डॉ दीपक बगेड़िया के घर 2009 में हुए डकैती कांड के बाद एक और सनसनीखेज मामला सामने आया था। इस मामले में जेल में बंद आरोपितों को पुलिस हाजत से बाहर निकालने के लिए योजना बनाई गई थी। इस योजना में शामिल छह आरोपितों को पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में जिला जज प्रीति कुमारी की अदालत ने रिहा कर दिया है।
ये आरोपित हैं
पिंटू हाजरा, जितेंद्र हाजरा, समीद अंसारी, अशोक राय, संतोष दास और संजय पासवान। घटना साल 2010 की है, जब पुलिस ने चिरैयाघाट रोड स्थित एक मकान से हथियार और गोला बारूद के साथ कई लोगों को गिरफ्तार किया था।
इस मामले में बचाव पक्ष के अधिवक्ता अजय कुमार सिन्हा मंटू ने बहस की और रिहाई के लिए कई सबूत पेश किए। वहीं अभियोजन पक्ष की ओर से एपीपी एस मरांडी ने पैरवी की।
डॉ बगेड़िया के घर हुई डकैती कांड में पुलिस ने उदभेदन करते हुए कई अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था, जिनमें संतोष यादव, पिंटू हाजरा, संतोष दास और लोकी रविदास समेत कई लोग शामिल थे। इन अभियुक्तों के जेल जाने के बाद उन्हें पुलिस हाजत से बाहर निकालने के लिए योजना बनाई गई थी, जिसे पुलिस ने नाकाम कर दिया था।