बरसात से पहले बिजली व्यवस्था करें दुरुस्त : कोयलांचल चैंबर ऑफ कॉमर्स
डीजे न्यूज, गिरिडीह : आगामी बरसात के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को बिजली संकट से राहत दिलाने के उद्देश्य से गुरुवार को कोयलांचल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (केसीसीआई) के पदाधिकारियों ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में बिजली व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए कई अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
केसीसीआई के अध्यक्ष राहुल बर्मन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत विभाग के महाप्रबंधक सह मुख्य अभियंता प्रतोष कुमार से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में केसीसीआई ने बरसात से पूर्व बिजली नेटवर्क की पूरी तरह मरम्मत कराने, विभिन्न फीडरों पर स्विचों की संख्या बढ़ाने, ताकि किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में सीमित क्षेत्र ही प्रभावित हो, खराब इंसुलेटरों को तत्काल बदलने तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विभागीय कॉल सेंटर नंबर जारी करने का सुझाव दिया।
विभागीय अधिकारियों ने सभी सुझावों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में राजेश गुप्ता, गोपाल दास भदानी, डॉ. सुमन, अरुण कुमार साव, राहुल कुमार, मनीष बर्णवाल, गौतम सागर, रवि राज, सौरव महासेठ, धर्मप्रकाश सहित केसीसीआई के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।