बलियापुर में सड़क हादसे में कलियासोल के युवक की मौत
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर थाना क्षेत्र के सिंदरी रोड पर मोदीडीह स्थित कर्मचारी कार्यालय के पास सोमवार को सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई । मृतक 20 वर्षीय विपुल महतो कलियासोल स्थित डुमरिया गांव का रहने वाला था। बताया जाता है कि विपुल बाइक से बलियापुर इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी आईटीआई सामलापुर जा रहा था। मोदीडीह के पास एक भारी वाहन से उनकी बाइक टकरा गई , जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची बलियापुर पुलिस ने उसे उठाकर चिंताजनक स्थिति में शहीद निर्मल महतो मेमोरियल हॉस्पिटल ले गया, जहां जांचोपरांत डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृत युवक डुमरिया गांव के निर्मल महतो का पुत्र था। मृतक अपने दो भाइयों में छोटा था। परिवार में माता-पिता एवं एक भाई है। पुलिस ने शव को जप्त करने के पश्चात पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में कुछ लोगों का कहना है कि मृतक किसी भारी वाहन के चपेट में आ गया, वहीं कुछ लोगों का कहना है कि घटनास्थल पर खड़ी एक डंपर से टकराने से दुर्घटना घटी है।