बलियापुर में भव्य कलश यात्रा के साथ नवनिर्मित हनुमान मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह शुरू

बलियापुर में भव्य कलश यात्रा के साथ नवनिर्मित हनुमान मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह शुरू

डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद) : लालाडीह गांव में नवनिर्मित हनुमान मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर सोमवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। मंदिर परिसर से आरंभ हुई कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं एवं युवतियां सिर पर कलश लिए शामिल हुईं। कलश यात्रा गाजे-बाजे के साथ सिंदूरपुर जोड़िया छठ घाट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित प्रदीप पांडे ने पूजा-अर्चना कर कलश में पवित्र जल भरवाया।

इसके उपरांत कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु बलियापुर बाजार चौक, दुर्गा मंदिर प्रांगण सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर लौटे। मंदिर प्रांगण में आचार्य संजय पांडे (बनारस) और पंडित प्रदीप पांडे के सान्निध्य में विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलशों की स्थापना कर प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न कराया गया। प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर मंदिर परिसर में तीन दिवसीय श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ भी आज शाम से हो गया है। श्रीरामचरितमानस पाठ के दौरान आचार्य संजय पांडे द्वारा प्रवचन भी दिया जाएगा। आज के कार्यक्रम में भाजपा नेत्री तारा देवी, उप प्रमुख आशा देवी, भाजपा नेता बेंगू ठाकुर, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर, अरुण रजवार, शैलेंद्र मंडल, मुखिया विजय गोराय समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस आयोजन में ग्रामीणों की भारी भागीदारी और उत्साह देखने को मिला, जिससे क्षेत्र में धार्मिक माहौल और श्रद्धा की भावना और अधिक प्रगाढ़ हुई।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top