बलियापुर की खबरें:-
बीबीएम कॉलेज परिसर में पौधरोपण
बलियापुर: बीबीएम कॉलेज में शनिवार को 36- एनसीसी बटालियन धनबाद की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
नेशनल स्पोर्ट्स डे एवं पर्यावरण दिवस पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में कॉलेज प्रांगण में पौधारोपण किया गया। मौके पर बटालियन के अजय कुमार एवं एनके कृष्ण कुमार, प्राचार्य डॉक्टर जितेंद्र महतो, एनसीसी ऑफिसर शिक्षा रानी महतो, नंदनी कुमारी, इंद्राणी बनर्जी समेत शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
——————————————–
शिक्षकों की कमी के मामले को डीईओ ने लिया संज्ञान
बलियापुर: राजकीय बुनियादी प्लस टू उत्क्रमित उच्च विद्यालय परसबनिया के प्रबंध समिति के अध्यक्ष सपन कुमार महतो ने शिक्षक बहाल करने की मांग संबंधी आवेदन मुख्यमंत्री को सौंपा था। इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा ने निर्देशक, माध्यमिक शिक्षा, झारखंड रांची को पत्र प्रेषित किया है। पत्र में उक्त विद्यालय में शिक्षक के अभाव में प्रभावित हो रहे पठन-पाठन को देखते हुए तीनों संकायों में विषयवार एक -एक स्नाकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों का प्रतिनियोजन करने का अनुरोध किया है।
———————————————
सड़क हादसे में मृतक के शव के साथ ग्रामीण पहुंचे एसीसी सीमेंट फैक्ट्री
बलियापुर: बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर हीरक रोड पर शुक्रवार को सीमेंट लदे ट्रक की चपेट में आने से हुई मौत के बाद शनिवार को मृतक दोलाबड़ के 26 वर्षीय अमित पांडे का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया। मृतक के आश्रित को उचित मुआवजा की मांग को लेकर शव को बलियापुर थाना लाया गया। इस मुद्दे पर थाना परिसर में बैठक हुई। बैठक में विधायक चंद्रदेव महतो, सीओ मुरारी नायक, थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, भाजपा नेत्री तारा देवी, मोहन कुंभकार, धरणीधर मंडल, घनश्याम ग्रोवर, अल्पना मुखर्जी शामिल थे। बैठक में एसीसी के ट्रांसपोर्टरों को बुलाने के लिए संपर्क किया, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। घंटों बाद जब बैठक में कोई निष्कर्ष नहीं निकला तो मृतक के शव को साथ लोग एसीसी सीमेंट फैक्ट्री के गेट को जाम करने के उद्देश्य से यहां से निकल गए। इस संबंध में सीओ ने बताया कि सरकार की ओर से मृतक के परिजनों को पारिवारिक लाभ योजना के तहत देय होने वाली चार लाख की मुआवजा राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
———————————————
हटिया में दुकान लगाने वाले पर हमला, जख्मी
बलियापुर: बलियापुर थाना क्षेत्र के साप्ताहिक हाट में रेडीमेड दुकान लगाने वाले 30 वर्षीय गुलजार खान को शनिवार की शाम किसी ने चाकू से हमला कर जख्मी कर दिया। जख्मी को
इलाज के लिए धनबाद ले जाया गया है।
जख्मी गुलजार अपने पिता बेड़ा नियपातपुर निवासी नासिर खान के साथ बलियापुर साप्ताहिक हाट में रेडीमेड की दुकान लगाता है। आज भी पिता -पुत्र ने हाट में दुकान लगाया था। किसी ग्राहक के साथ विवाद होने पर उसने गुलजार को चाकू मार दिया। जख्मी युवक फिलहाल कुछ भी बोलने में असमर्थ है।