बकरीद को लेकर गिरिडीह शहर में प्रशासन का फ्लैग मार्च, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
डीजे न्यूज, गिरिडीह : ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के साथ संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से गिरिडीह शहरी क्षेत्र में संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने किया।
फ्लैग मार्च गिरिडीह शहर के बड़ा चौक से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए पचम्बा बाजार में जाकर समाप्त हुआ। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस बल की मौजूदगी से पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था का संदेश दिया गया।
मार्च के दौरान जिला प्रशासन ने शहरवासियों से आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखते हुए बकरीद पर्व मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर बनाए हुए है।
फ्लैग मार्च में पुलिस बल के जवान, प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न थाना क्षेत्रों के पदाधिकारी मौजूद थे। पूरे अभियान के दौरान लोगों में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल देखने को मिला।