भक्ति और हर्षोल्लास के साथ निकली श्री जगन्नाथ पूर्ण (उल्टा) रथ यात्रा

भक्ति और हर्षोल्लास के साथ निकली श्री जगन्नाथ पूर्ण (उल्टा) रथ यात्रा

डीजे न्यूज, धनबाद: इस्कॉन धनबाद वृन्दावन विहार द्वारा शुक्रवार को भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं माता सुभद्रा की श्री जगन्नाथ पूर्ण (उल्टा) रथ यात्रा अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। यह यात्रा कुसमाटांड़ मोड़ से प्रारंभ होकर श्री श्री नील माधव जगन्नाथ मंदिर, MOCP सेक-2, तिसरा तक निकाली गई। स्थानीय स्तर पर इस कार्यक्रम की घोषणा पहले से की गई थी और आज बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें सम्मिलित हुए।

यात्रा से पूर्व भगवान श्री जगन्नाथ का विधिवत पूजन एवं मंगल आरती की गई। इसके बाद हरिनाम संकीर्तन, मृदंग, करताल और “हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे” के दिव्य महामंत्र के संकीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने रथ की रस्सी खींचकर स्वयं को धन्य महसूस किया।
पूरे मार्ग में श्रद्धालु भक्ति-भाव से नृत्य करते हुए भगवान के दर्शन करते रहे। महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यात्रा के समापन पर श्री श्री नील माधव जगन्नाथ मंदिर में महाआरती, भजन-कीर्तन एवं महाप्रसाद वितरण किया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top