
भाकपा (माले) ने किया सम्मेलन, जन आंदोलनों को तेज करने पर दिया जोर
डीजे न्यूज, बलियापुर, धनबाद : भाकपा (माले) प्रखंड कमेटी बलियापुर का एक दिवसीय सम्मेलन आज बीबीएम इंटर कॉलेज बलियापुर के आनंद महतो सभागार में संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता तीन सदस्यीय अध्यक्ष मंडली ने की।
सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए पार्टी के पॉलित ब्यूरो सदस्य एवं पूर्व विधायक आनंद महतो ने कहा कि आज देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता से जूझ रही है। उन्होंने सांप्रदायिकता को सामाजिक बीमारी बताते हुए इससे लड़ने के लिए सामाजिक क्रांति और सांस्कृतिक आंदोलन की जरूरत पर बल दिया।
पॉलित ब्यूरो सदस्य हलधर महतो ने कहा कि सांप्रदायिक ताकतों को रोकने के लिए जनता को लाल झंडे के नेतृत्व में संगठित होने की जरूरत है। वहीं, माले विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि हर समस्या का समाधान आंदोलन के माध्यम से ही संभव है, इसलिए पार्टी को मजबूत और जन आंदोलनों को तेज करने की जरूरत है।
सम्मेलन को संबोधित करने वालों में – जिला सचिव वृंदा पासवान, प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी, सीमा देवी, भजोहरी महतो, सागर मंडल, सुधीर महतो, मजीद खान और कार्तिक प्रसाद शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन आनंदमई पाल ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भाकपा (माले) के दिवंगत नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की याद में एक मिनट का मौन रखकर की गई। सम्मेलन के अंत में 51 सदस्यीय बलियापुर प्रखंड कमेटी का गठन किया गया, जिसमें गणेश महतो को प्रखंड सचिव चुना गया।