


























































भाजपा सांसद के बयान पर भड़की राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन, कहा, ‘ईर्ष्या और नफरत से प्रेरित है सांसद ढुलू महतो की सोच’

डीजे न्यूज, धनबाद :
राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन (इंटक) ने भाजपा के एक जनप्रतिनिधि द्वारा बोकारो की सार्वजनिक सभा में दिए गए विवादित बयान की कड़ी निंदा की है। यूनियन के महामंत्री ए. के. झा, कार्यकारी अध्यक्ष बृजेंद्र प्रसाद सिंह, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद अम्बसठ, उपाध्यक्ष रामप्रीत यादव, संयुक्त महासचिव शकील अहमद, मिथिलेश कुमार सिंह, वैभव सिन्हा और दयाल महतो ने संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी कर कहा कि भाजपा नेता का वक्तव्य अशोभनीय, असंसदीय और सामाजिक मर्यादा के विपरीत है।
झा ने कहा कि श्रीमती अनुपमा सिंह, जो राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन (इंटक) की कार्यकारी अध्यक्षा और राष्ट्रीय खान मजदूर फेडरेशन (इंटक) की उपाध्यक्षा हैं, कांग्रेस पार्टी की समर्पित नेता हैं और उन्होंने धनबाद संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ा था। वे उस राजनीतिक परिवार से आती हैं जिनके दिवंगत ससुर राजेंद्र प्रसाद सिंह कांग्रेस और मजदूर आंदोलन के मजबूत स्तंभ रहे हैं। उन्होंने बताया कि राजेंद्र बाबू न केवल राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के राष्ट्रीय महासचिव और अध्यक्ष रहे, बल्कि इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह, पंडित बिंदेश्वरी दुबे और डॉ. जगन्नाथ मिश्रा जैसे दिग्गज नेताओं के विश्वासी सहयोगी थे।
झा ने कहा कि भाजपा के नेता अपने धनबल और अहंकार की राजनीति में इतने डूबे हैं कि उन्हें दूसरों के योगदान की समझ नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंटक नफरत या डराने की राजनीति में विश्वास नहीं रखते, लेकिन अगर किसी को भ्रम है कि धमकी देकर डराया जा सकता है तो वे गलतफहमी में हैं — “हम जवाब देना जानते हैं और समय आने पर देंगे।”
उन्होंने भाजपा नेता पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “जो व्यक्ति दूसरों की ‘औकात’ नापने निकला है, उसे अपनी औकात पहचाननी चाहिए। भगवान उन्हें सद्बुद्धि दें कि वे मर्यादा की लक्ष्मण रेखा पार न करें।”
झा ने भाजपा नेता पर अपने ही दल के प्रति बेईमानी और अवसरवादिता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “अटल जी के समय के वरिष्ठ नेताओं जैसे पशुपतिनाथ सिंह और रविंद्र पांडे से राजनीतिक ईर्ष्या रखकर, धनबल के बल पर धनबाद की राजनीति को गंदा करने का प्रयास किया गया।”
अंत में उन्होंने कहा कि धनबाद की जनता मजदूर वर्ग से जुड़ी है लेकिन राष्ट्रीय सोच और जागरूकता रखती है। उन्होंने चेताया कि “धनबाद की जनता सब देख रही है — समय आने पर भाजपा के नेताओं को उनके अहंकार, झूठ और गलत मानसिकता का जवाब मिलेगा।”



