
बेलगड़िया कॉलोनी में होली पर बवाल : दो गुटों में मारपीट, आधा दर्जन घायल, एक की हालत गंभीर
डीजे न्यूज, बलियापुर, धनबाद : बलियापुर के बेलगड़िया कॉलोनी में होली के दिन शुक्रवार को रंग खेलने के दौरान दो गुटों में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस झड़प में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों में उदय कुमार राय, विशाल कुमार पासवान, साहिल कुमार पासवान, दिनेश पासवान और किशोर सिंह शामिल हैं। सभी का इलाज बलियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को शहीद निर्मल महतो मेमोरियल हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। किशोर सिंह की हालत नाजुक बताई जा रही है, उनकी दाहिनी आंख में गंभीर चोट आई है, जिससे वह आंख खोल नहीं पा रहे हैं।
घटना को लेकर पहले पक्ष के दिनेश कुमार पासवान और विशाल पासवान तथा दूसरे पक्ष के उदय कुमार राय और रूबी देवी ने थाना प्रभारी को अलग-अलग आवेदन देकर एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।