
बारिश से सब्जी की फसलों को नुकसान, जोड़िया-नाले उफान पर
डीजे न्यूज, बलियापुर (धनबाद):
लगातार हो रही झमाझम बारिश से बलियापुर का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कई दिनों की बारिश से क्षेत्र के सभी जोड़ियां एवं नालों में बरसात का पानी उफान पर है। बारिश के कारण खेतों में लगी सब्जी की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। जिससे किसानों में मायूसी छा गई है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के पलानी, डांगी, गोपीनाथडीह, कल्याणडीह, पहाड़पुर, सालपतरा, बाघमारा, कालीपुर, सरिशाकुंडी, निपानिया, रखितपुर समेत अन्य गांवों में सब्जी की खेती होती है। बारिश का पानी खेतों में भर जाने से विभिन्न प्रकार के सब्जियों पर असर पड़ा है। दामोदर नदी में भी जलस्तर काफी बढ़ गया है। लोगों ने बताया कि सिरसाकुंडी, कालीपुर, आसनबनी एवं अगल-बगल के गांव के लोगों द्वारा दामोदर नदी के किनारे तरह-तरह की सब्जी की खेती की जाती है। नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे लगे मक ई, कोहड़ा, नेनुआ, लौकी, आदि की फसले पानी में डूब गए है। जिससे किसानों को भारी क्षति हुई है। वहीं बलियापुर के ग्रामीण इलाके में मिट्टी के कच्चे मकानों को क्षति पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। आमझर गांव की गुना देवी का कच्चा मकान गुरुवार की देर शाम बारिश के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।