



बैरिकेटिंग नहीं रहने पर नगर आयुक्त ने जताया असंतोष,

स्वच्छता एवं सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
डीजे न्यूज, धनबाद: छठ महापर्व के मद्देनज़र धनबाद नगर आयुक्त रवि राज शर्मा ने गुरुवार को विभिन्न तालाबों और घाटों का निरीक्षण किया। उनके साथ निगम के सहायक नगर आयुक्त, सिटी मैनेजर, डीआइएमएसडब्लूएल के अधिकारी, अभियंता तथा अन्य कर्मी उपस्थित थे।
निरीक्षण की शुरुआत लोको टैंक तालाब (वार्ड सं. 26 एवं 27) से की गई, जो वर्तमान में पुनरुद्धार की प्रक्रिया में है। नगर आयुक्त ने स्थल पर कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण किया और लगभग एक घंटे तक अभियंताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से यह निर्देश दिया कि छठ व्रतियों की सुविधा के लिए सुगम सीढ़ियों का निर्माण सुनिश्चित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को चढ़ने-उतरने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने स्थल पर बैरिकेटिंग की अनुपस्थिति पर गंभीर असंतोष व्यक्त करते हुए तत्काल बैरिकेड लगाने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने यह भी पाया कि कुछ नागरिकों द्वारा प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री जलाशयों में फेंकी जा रही है, जिस पर उन्होंने सख्त रोक लगाने एवं जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
इसके बाद नगर आयुक्त बरमासिया तालाब पहुँचे, जहाँ उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बातचीत किया। नागरिकों ने समीपवर्ती मंदिर परिसर की सफाई की मांग रखी, जिस पर नगर आयुक्त ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मनईटांड तालाब, राजा तालाब (झरिया), तेजन सिंह तालाब तथा इंडस्ट्री तालाब का भी भ्रमण किया। राजा तालाब पर चल रहे सिविल कार्यों की समीक्षा की गई, जहाँ अभियंताओं ने उन्हें कार्य की प्रगति से अवगत कराया। नगर आयुक्त ने स्वच्छता एवं सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इंडस्ट्री तालाब के लिए उन्होंने विशेष सफाई अभियान चलाने का आदेश दिया।
इसके उपरांत नगर आयुक्त ने पासवान टोला घाट तथा एकरा घाट का निरीक्षण किया। सभी स्थलों पर उन्होंने स्थल सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था एवं बैरिकेडिंग से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त ने नगर निगम कार्यालय में अभियंताओं एवं वरिष्ठ अधिकारियों की एक आपात बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रमुख तालाबों एवं घाटों पर सुरक्षा बैरिकेड लगाए जाएँ। चेतावनी एवं सुरक्षा संबंधी साइनबोर्ड लगाया जाए। घाटों की समयबद्ध सफाई एवं स्वच्छता की निगरानी की जाए।
समीक्षा के उपरांत यह निर्णय लिया गया कि लोहारकुल्ही तालाब एवं राज तालाब (8 लेन के निकट) छठ पर्व हेतु अनुपयुक्त हैं। इस संबंध में जिला प्रशासन को औपचारिक पत्र प्रेषित किया जाएगा ताकि सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जा सकें।
नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि “छठ महापर्व के अवसर पर सभी श्रद्धालु एवं नागरिक सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक कर्तव्यों का विशेष ध्यान रखें। तालाबों में प्लास्टिक या अन्य कचरा न डालें, भीड़-भाड़ के समय अनुशासन बनाए रखें और नगर निगम के सफाई कर्मियों का सहयोग करें।”
धनबाद नगर निगम की तरफ से उन्होंने सभी धनबाद वासियों के जनसहयोग से स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धामय छठ पर्व मनाने का आह्वान किया है।




