बैंक और ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था की हुई जांच
कमियां मिलने पर तत्काल सुधार के दिए गए निर्देश
बैंक-ज्वेलरी शॉप संचालकों को सतर्क रहने की हिदायत, सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर
डीजे न्यूज, धनबाद: बैंकों एवं ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देशानुसार बुधवार को सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित बैंक शाखाओं तथा आभूषण प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की गहन जांच करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस ने बैंक एवं ज्वेलरी दुकानों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अलार्म सिस्टम, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, सुरक्षा गार्डों की तैनाती, प्रवेश एवं निकास द्वारों की सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा मानकों का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों एवं बैंक प्रबंधकों से सुरक्षा संबंधी तैयारियों की जानकारी भी प्राप्त की गई।
जांच के दौरान कुछ स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था में मामूली कमियां पाई गईं। कहीं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी तो कहीं सुरक्षा संबंधी अन्य व्यवस्थाओं में थोड़ी सुधार की आवश्यकता महसूस की गई। ऐसे सभी मामलों में संबंधित प्रबंधन को तत्काल आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक एवं ज्वेलरी शॉप संचालकों को किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना बिना विलंब स्थानीय थाना को देने, नकदी एवं बहुमूल्य आभूषणों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने तथा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी। इसके अलावा कर्मचारियों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी रखने का निर्देश दिया गया।
एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, चोरी एवं लूट जैसी घटनाओं की रोकथाम तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार का निरीक्षण अभियान निरंतर चलाया जाता है ताकि सुरक्षा व्यवस्था मे कोई चूक न रहे। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार सतर्क एवं सक्रिय है।