बाबू लाइन मंदिर में दुर्गापूजा की तैयारियों पर मंथन, पुरानी परंपरा कायम रखने का संकल्प
डीजे न्यूज, जपला,पलामू : जपला सीमेंट फैक्ट्री के बाबू लाइन मंदिर परिसर में दुर्गापूजा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता धर्मप्रेमी कृष्णकांत अवस्थी ने की, जबकि संचालन सचिन शर्मा ‘मंटू शर्मा’ ने किया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी दुर्गापूजा हर्षोल्लास और पारंपरिक तरीके से मनाई जाएगी। पूजा के लिए अब तक प्राप्त चंदे की राशि पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि पोषक क्षेत्रों में रसीद के माध्यम से घर-घर संपर्क कर सहयोग राशि एकत्र की जा रही है। बाहर रह रहे जपला परिवार से जुड़े लोगों से भी पूर्व की तरह सहयोग की अपील की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जपला सीमेंट फैक्ट्री के गौरवशाली अतीत को वापस लाना भले संभव न हो, लेकिन उस दौर की धार्मिक और सामाजिक परंपराओं को कायम रखने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। हार्वे हाई स्कूल परिवार और जपला परिवार से जुड़े लोगों के प्रति भी आभार जताया गया, जिन्होंने वर्षों से बाबू लाइन मंदिर में दुर्गापूजा के आयोजन में सहयोग दिया है।
बैठक में पूजा कमेटी के अध्यक्ष नीरज कुमार गुप्ता ‘लक्षु’, सचिव सचिन शर्मा ‘मंटू शर्मा’, कोषाध्यक्ष रमेश राम, उपाध्यक्ष मोहन चौधरी, उपसचिव मनोज कुमार गुप्ता ‘छोटन गुप्ता’, मीडिया प्रभारी मोहसिन खां, व्यवस्थापक भरत पांडेय ‘मनु पांडेय’ सहित संरक्षक मंडल के सदस्य और दर्जनों उत्साही युवक मौजूद थे।