बाबा साहेब ने बेहतरीन संविधान देकर देश को समानता का अधिकार दिया : सतीश केडिया
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला कांग्रेस कमेटी के स्वास्थ्य विभाग की ओर से बरवाडीह कर्बला मैदान में मंगलवार को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर एक श्रद्धांजलि सभा और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया उपस्थित रहे।
सर्वप्रथम सभी लोगों ने बाबासाहेब के चित्र पर फूल अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की एवं उनके जीवन के संघर्ष और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
मौके पर उपस्थित जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा, “बाबा साहब का जन्म एक मध्यम वर्गीय दलित परिवार में हुआ। उनकी शिक्षा विदेश में हुई, लेकिन भारत वापस आने पर उन्होंने देश की तमाम कुरीतियों, छुआछूत और दलितों को समान अधिकार दिलाने और देश की आजादी के लिए संघर्ष किया। भारत की संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष बनकर एक बेहतरीन संविधान भारत को देने का काम किया, जिसे आज भी पूरी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ संविधान में गिना जाता है। आज उनकी जयंती पर पूरा कृतज्ञ राष्ट्र उनको नमन कर रहा है।”
मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष नदीम अख्तर, अशोक विश्वकर्मा, महमूद अली खान, महासचिव प्रोफेसर मंजूर अंसारी, सुलेमान अख्तर, शाहनवाज आलम, साबिर खान, गुलाम मुस्तफा, गुलाम सरवर, अमीन अकेला, विशु कुमार मंडल, ऋषभ आनंद ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और अपने विचारों के माध्यम से बाबा साहेब के जीवन पर प्रकाश डाला और श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से गिरिडीह विधानसभा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बिलाल अहमद हुसैनी, प्रकाश कुमार, प्रभात कुमार, अमित कुमार, मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद शहाबुद्दीन सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष मिराज अहमद ने की।
मौके पर कुछ लोगों ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने उनको पार्टी का पट्टा पहनाकर उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलवाई। इस कार्यक्रम के पश्चात सभी लोगों ने अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया।
बाबा साहेब ने बेहतरीन संविधान देकर देश को समानता का अधिकार दिया : सतीश केडिया
Advertisements