अमृता देवी बलिदान दिवस पर संघ ने किया पौधरोपण

अमृता देवी बलिदान दिवस पर संघ ने किया पौधरोपण

डीजे न्यूज, धनबाद: प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग से लगातार बदलते पर्यावरणीय हालात के बीच सकारात्मक बदलाव लाने की सबसे बड़ी उम्मीद देश की युवा पीढ़ी से है। युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर अधिक से अधिक पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों की सुरक्षा का संकल्प लेना चाहिए। यह बातें धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मुरारी तांती ने शुक्रवार को गोविंदपुर क्षेत्र में आयोजित पर्यावरण दिवस कार्यक्रम के दौरान कहीं।
भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ की ओर से शुक्रवार को अमृता देवी बलिदान दिवस के अवसर पर बीसीसीएल के विभिन्न कोलियरियों, परियोजनाओं, चिकित्सालयों, वाशरियों एवं अन्य परिसरों में फलदार पौधों का रोपण किया गया। संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेकर दिवस को पर्यावरण संरक्षण के संदेश के रूप में मनाया।
मुरारी तांती ने कहा कि बढ़ती आबादी और लगातार घटते जंगल मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। वन कटाई पर रोक लगाने के साथ बड़े पैमाने पर पौधरोपण और पौधों का संरक्षण जरूरी है। उन्होंने कहा कि संघ के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में कोलियरी मजदूरों, ग्रामीणों और आम लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने केंद्र एवं झारखंड सरकार से 28 अगस्त को राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस घोषित करने की मांग भी की।
वहीं, संघ के महामंत्री उमेश कुमार सिंह ने अमृता देवी के पर्यावरण संरक्षण के लिए दिए गए बलिदान को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1730 में जोधपुर के राजा द्वारा इमारती लकड़ी के लिए पेड़ों की कटाई कराए जाने का विरोध करते हुए अमृता देवी सहित 363 लोगों ने पेड़ों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। इस बलिदान के बाद राजा ने पेड़ों की कटाई पर प्रतिबंध लगा दिया था।
उन्होंने कहा कि अमृता देवी और अन्य लोगों का बलिदान आज भी समाज को पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा देता है। इसी बलिदान की स्मृति में भारतीय मजदूर संघ द्वारा 28 अगस्त को पूरे देश में राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। पर्यावरण की रक्षा केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा भी सुनिश्चित करनी होगी।
उमेश कुमार सिंह ने कहा कि पर्यावरण का मुद्दा आज पूरी मानवता के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है। प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग से निपटने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
कार्यक्रम के दौरान वरोरा, ब्लॉक-2, गोविंदपुर, कतरास, सिजुआ, कुसुंडा, पी.बी. बस्ताकोला, लोदना, भौरा, सुदामडीह, पश्चिमी वाशरी जोन, मुनीडीह, पूर्वी वाशरी जोन, बीसीसीएल मुख्यालय एवं चांच-विक्टोरिया क्षेत्र में संघ के केंद्रीय पदाधिकारियों, क्षेत्रीय प्रभारियों, शाखा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top