
अखंड रामायण पाठ से कतरास का माहौल हुआ भक्तिमय
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद) : कतरास के नदी किनारे स्थित सालासर बालाजी मंदिर में तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव का शुभारंभ शनिवार को हुआ। पहले दिन पूजन, अखंड रामायण पाठ के बाद सवामनी भोग चढ़ाया गया। शाम को बनारस के गंगा आरती के तर्ज पर बालाजी की आरती हुई। आरती में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। जन्मोत्सव के दूसरे दिन रविवार को अखंड रामायण पाठ विश्राम एवं हवन पूजन किया जाएगा। दोपहर को संगीतमय सुंदर कांड पाठ व शाम को बालाजी महाराज की महा आरती होगी। अनुष्ठान के अंतिम दिन सोमवार प्रात: आरती, 1008 पुष्प एवं फल से सहस्त्रनाम पूजन के पश्चात छप्पन भोग चढ़ाया जाएगा। शाम को भहन संध्या में शिव तांडव व अघोरी नृत्य आकर्षण का केंद्र होगा। आचार्य राज बिहारी शर्मा एवं रास बिहारी शर्मा ने विधि विधान के साथ पूजन कराया। मौके पर डॉ वीएन चौधरी, सुशील चौधरी, अमित कौशिक, विकास चौधरी, पप्पू दुबे, राजू सिंह, अनुराग राजगड़िया, रणधीर बर्मन, दिनेश जेठवा, दीपक सिंह, भोला के अलावा मंदिर कमेटी के सदस्य मौजूद थे।