आग से बचाव व लोगों को सुरक्षित निकालने की विधि से अवगत हुए बच्चे
डीजे न्यूज, सिजुआ(धनबाद): सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज कार्यक्रम के तहत फागु महतो इंटर कॉलेज कपुरिया में शुक्रवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया।
टाटा स्टील फायर सेफ्टी डिपार्मेंट के तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में आग से बचाव व इसके चपेट में आए लोगों को सुरक्षित निकालने की विधि से छात्र-छात्राओं को अवगत कराया गया। फायरमैन नितिन कुमार यादव एवं उनकी टीम के द्वारा फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग को बुझाने के तरीकों की जानकारी दी।
तेल या ठोस वस्तुओं में लगी आग, बिजली उपकरणों में लगी आग या एलपीजी सिलेंडर में लगी आग आदि को बुझाना और जानमाल की रक्षा करने के तरीकों को माक ड्रील के माध्यम से दर्शाया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य अनुप कुमार चक्रवर्ती, उप- प्राचार्य शिवनाथ महतो, शिक्षक नीलकंठ महतो, रीता रंजन, परशुराम महतो,अजय रजक, दीनबंधु रवानी, अरुण कुमार महतो, दिलीप कुमार रवानी, कार्यालय प्रमुख विनोद महतो एवं सहायक मनसा हरि आदि उपस्थित थे।