
तरुण मित्र परिषद ने स्वर्ण जयंती पर किया 500 विद्यार्थियों के बीच शिक्षा सामग्री व छात्रवृत्ति का वितरण
डीजे न्यूज, नई दिल्ली : नई दिल्ली के प्यारेलाल भवन में आज तरुण मित्र परिषद द्वारा स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 50वां वार्षिक नि:शुल्क वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर 500 से अधिक साधनहीन छात्र-छात्राओं को पाठ्य पुस्तकें, स्टेशनरी, स्कूल बैग, मिठाइयां और छात्रवृत्तियां वितरित की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पार्षद अल्का राघव द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उन्होंने परिषद के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था वर्षों से दिव्यांगों और जरूरतमंदों के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रही है।
परिषद के अध्यक्ष मनोज कुमार जैन (मनोनीत निगम पार्षद) ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि तरुण मित्र परिषद द्वारा किया गया यह सम्मान उनके आत्मविश्वास को और मजबूत करेगा।
महासचिव अशोक जैन ने जानकारी दी कि जीवन पब्लिशिंग हाउस द्वारा जे.पी.एच. की सहायक पाठ्य पुस्तकें, धर्मपाल सत्यपाल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा रजिस्टर व कॉपियां, पूजा-प्रियंका एवं सुधा गुप्ता परिवार द्वारा स्टेशनरी व बैग, और नवीन आनन्द प्रकाश जैन द्वारा मिठाइयां वितरित की गईं।
कार्यक्रम में बच्चों के मनोरंजन हेतु प्रसिद्ध जादूगर राज कुमार का मैजिक शो आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर परिषद के संस्थापक अशोक जैन को समाज सेवा में उनके योगदान हेतु विशेष रूप से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में अशोक जैन ने विशिष्ट अतिथियों – मोती मेहता, पूर्व न्यायाधीश सुभाष चंद्र जैन, धानुका एग्रीटेक के चेयरमैन महेन्द्र कुमार धानुका, वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र भारद्वाज, उद्योगपति अजीत प्रसाद जैन, सतीश जैन माटा, किशन अग्रवाल (बीकानो), प्रमोद जैन कागजी, राकेश जैन, आलोक जैन, राम औतार शर्मा, रविन्द्र कुमार जैन एवं अन्य सभी का आभार प्रकट किया।