रजरप्पा पूजा करने जा रहे बिहार के श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त, 13 की मौत, एक ही गांव में पसरा मातम

रजरप्पा पूजा करने जा रहे बिहार के श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त, 13 की मौत, एक ही गांव में पसरा मातम

डीजे न्यूज, रामगढ़ : बिहार से झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में मां छिन्नमस्तिका के दर्शन के लिए निकले 13 श्रद्धालुओं की रविवार की अहले सुबह भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बिहार के नालंदा जिले के जांघारो गांव के 14 लोग स्कॉर्पियो पर सवार होकर रजरप्पा जा रहे थे। इसी दौरान रविवार की देर रात करीब दो बजे रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत पैंकी गांव के समीप उनकी स्कॉर्पियो आगे चल रहे एक अन्य वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और सभी को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में बचा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और उसे आईसीयू में रखा गया है।

रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार के अनुसार, घायलों को रविवार की सुबह करीब 2:30 बजे अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकीय जांच के बाद 13 लोगों को मृत घोषित किया गया।

इस हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि दुर्घटना के शिकार सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। एक साथ 13 लोगों की मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया है। जिन घरों में रजरप्पा दर्शन की तैयारी और उत्साह था, वहां अब चीख-पुकार और शोक का माहौल है।

रामगढ़ के एसडीपीओ आलोक रंजन ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में शामिल सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के निवासी थे। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे में शामिल दूसरे वाहन की भूमिका और टक्कर की परिस्थितियों का भी पता लगाया जा रहा है।

रजरप्पा मंदिर में दर्शन की उम्मीद लेकर निकले इन लोगों की यात्रा का इस तरह दर्दनाक अंत पूरे इलाके को स्तब्ध कर गया है। सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top