गरीब, शोषित और वंचितों के आवाज थे शहीद शक्ति: मथुरा महतो

गरीब, शोषित और वंचितों के आवाज थे शहीद शक्ति: मथुरा महतो

 

डीजे न्यूज, सिजुआ(धनबाद): माफिया तत्वों ने शक्तिनाथ महतो की आवाज को दबाने का हर संभव प्रयास किया था। नाकाम होने पर उनकी हत्या करा दी गई। शक्तिनाथ गरीब, शोषित और वंचितों के आवाज थे।
उक्त बातें टुंडी विधायक सह सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो ने शनिवार को कहीं। टाटा सिजुआ 12 नंबर में शहीद शक्तिनाथ महतो के शहादत दिवस पर झामुमो की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान विधायक मथुरा ने कहा कि शहीद कभी मरते नहीं। उनकी आवाज आज जन-जन के दिल में गूंज रही है।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार चौतरफा विकास के पथ पर अग्रसर है। हर क्षेत्र में बेहतरीन काम हो रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। कोल बकाया सहित झारखंड का हजारों करोड़ रुपया केंद्र सरकार नहीं लौटा रही, जिससे विकास कार्यों को और तेज गति देने में बाधा आ रही है।

पूर्व विधायक जलेश्वर महतो ने कहा कि झारखंड के शहीदों का सपना तभी साकार होगा जब हम उनके बताए रास्ते पर चलेंगे।

भाकपा माले के पोलित ब्यूरो सदस्य हलधर महतो ने कहा कि शक्ति के शहादत के बाद हर घर में एक शक्तिनाथ महतो ने जन्म ले लिया है। जनता ने एकजुट होकर माफियाओं को क्षेत्र से खदेड़ दिया और इलाका आज पूरी तरह से माफिया-मुक्त है।
अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष लक्खी सोरेन ने शहीद शक्ति के द्वारा उठाए गए कदमों पर विस्तृत प्रकाश डाला।
शक्ति शिक्षण संस्थान के बच्चों ने कुडमाली, नागपुरी, झूमर और खोरठा लोकगीत पर मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी।
संचालन शक्ति कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य रमेश प्रसाद व प्रो. मनोज महतो कर रहे थे।  सभा को भाकपा माले के पोलित ब्यूरो सदस्य हलधर महतो, महादेव हांसदा, वीरेंद्र रवानी, शंकर किशोर महतो,  अनवर मुखिया आदि ने संबोधित किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top