सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में मना जनजातीय गौरव दिवस

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में मना जनजातीय गौरव दिवस

बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया याद

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में शनिवार को जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके बाद प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र एवं वरिष्ठ आचार्या सरिता कुमारी ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर संगीत आचार्य मनीष पाठक के निर्देशन में विद्यालय की छात्राओं ने झारखंडी संस्कृति पर आधारित सामूहिक गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं सरिता कुमारी के मार्गदर्शन में खुशी कुमारी एवं काजल कुमारी ने हिंदी में तथा काव्या ने अंग्रेजी में भाषण प्रस्तुत कर भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को रेखांकित किया।

अपने संबोधन में प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के संघर्ष में धरती आबा बिरसा मुंडा का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान का बिगुल फूंका। उनका जीवन त्याग, साहस और देशभक्ति का प्रतीक है। उनके आदर्शों से सदैव प्रेरणा लेने की जरूरत है।

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य, आचार्या एवं कक्षा षष्ठ से दशम तक की छात्राएं उपस्थित थीं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top