ओबी डंपिंग के कारण सिंफर कॉलोनी तक पहुंच रही धूल, वैज्ञानिक उपकरणों पर जम रही परत
वैज्ञानिकों ने डीजीएमएस, जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण विभाग को भेजा पत्र
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद):
डिगवाडीह परिसर और आसपास की कॉलोनियों में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर वैज्ञानिकों ने गंभीर चिंता जताई है। इसको लेकर शुक्रवार को परिसर में लोगो ने विरोध जताया है। रेल लाइन के पार संचालित ओवरबर्डन (ओबी) डंपिंग यार्ड से निकलने वाली धूल से आसपास का वातावरण लगातार प्रदूषित हो रहा है। इस समस्या को लेकर सिम्फ़र के वैज्ञानिकों ने संबंधित विभागों को पत्र भेजकर ओबी डंपिंग यार्ड को बंद कराने की मांग की है।
वैज्ञानिकों का कहना है कि ओबी डंपिंग के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। इसके कारण डंपिंग स्थल से बड़ी मात्रा में धूलकण हवा में फैल रहा हैं। तेज हवा के साथ यह धूल सिंदरी कॉलोनी तक पहुंच रही है, जिससे वहां रहने वाले वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और उनके परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, धूल के कारण घरों के अंदर और बाहर लगातार गंदगी जमा हो रही है। इतना ही नहीं, महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वैज्ञानिक कार्यों में इस्तेमाल होने वाले संवेदनशील उपकरणों पर भी धूल की परत जम रही है। इससे उपकरणों की कार्यक्षमता प्रभावित होने और उनके खराब होने की आशंका बनी हुई है।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए वैज्ञानिकों ने डीजीएमएस, जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण विभाग को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की थी । कुछ समय तक वायु प्रदूषण की रोकथाम किया गया था । फिर पुनः वायु प्रदूषण फैल रहा है। वैज्ञानिकों ने रेल लाइन के पार संचालित ओबी डंपिंग यार्ड को बंद कराने की मांग करते हुए कहा है कि लोगों के स्वास्थ्य और वैज्ञानिक संस्थानों के कार्य वातावरण की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाना जरूरी है।