कोयले के ढेर में मिला युवक का शव, बेनीडीह रेल साइडिंग का मामला भीमकनाली के सुनील रवानी के रूप में हुई मृतक की पहचान

कोयले के ढेर में मिला युवक का शव, बेनीडीह रेल साइडिंग का मामला

भीमकनाली के सुनील रवानी के रूप में हुई मृतक की पहचान

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
बीसीसीएल के बेनीडीह मेन रेल साइडिंग में कोयले के ढेर से युवक का शव का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना शुक्रवार की है। मृतक की पहचान भीमकनाली निवासी सुनील रवानी के रूप में हुई है।
सुनील अहले सुबह बाइक से बीसीसीएल ब्लॉक-2 के नदखुरकी कोलडंप में कोयला लेने पहुंचा था। इसी दौरान कोयला लोडिंग कर रहे डोजर की चपेट में आने से उसकी मौत होने की आशंका जताई गई।

बताया जा रहा है कि अंधेरा होने के कारण डोजर ऑपरेटर युवक को देख नहीं पाया। इसके बाद कोयले के साथ युवक का शव भी हाइवा में लोड हो गया। हाइवा कोयला लेकर बेनीडीह रेल साइडिंग पहुंचा और अनलोडिंग के दौरान शव भी कोयले के साथ नीचे गिर गया। सुबह मजदूरों और स्थानीय लोगों ने शव देखा, जिसके बाद पुलिस और सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची।

मामला उस वक्त और गंभीर हो गया, जब मृतक के परिजनों ने कोयला ट्रांसपोर्टिंग कंपनी संजय उद्योग पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का आरोप है कि सुनील को जानबूझकर डोजर से कुचलकर उसकी हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कोयले के साथ हाइवा में लोड कर दिया गया। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बेनीडीह रेल साइडिंग में जमकर विरोध जताया और कामकाज बाधित कर दिया। उनका कहना था कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही परिजनों ने ट्रांसपोर्टिंग कंपनी संजय उद्योग को ब्लैकलिस्ट करने की मांग उठाई।

विरोध और हंगामे के बीच ट्रांसपोर्टिंग कंपनी संजय उद्योग की ओर से मृतक के आश्रित को सात लाख रुपये मुआवजा दिया गया। इसके बावजूद परिजनों का आक्रोश कम नहीं हुआ और उन्होंने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।
बड़ा सवाल यह है कि सुनील की मौत महज एक हादसा थी या इसके पीछे कोई साजिश थी? परिजनों के गंभीर आरोपों के बीच पुलिस जांच और कंपनी की भूमिका पर सबकी नजरें टिकी हैं। मुआवजे से परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता जरूर मिली है, लेकिन सुनील की मौत का सच सामने आना और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होना अभी सबसे बड़ा सवाल है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top