पत्रकार की गिरफ्तारी लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला : राजकुमार राज
डीजे न्यूज,गिरिडीह : राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण वाड़ा के खिलाफ खबर चलाने वाले पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर कुठाराघात और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताया।
राजकुमार राज ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि विधायक भूषण वाड़ा का नार्को टेस्ट कराया जाए, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि आरोपी विधायक के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय आदिवासी बेटी के साथ दुष्कर्म के मामले को उजागर करने वाले पत्रकार को ही गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी को दमनात्मक कार्रवाई करार देते हुए कहा कि पत्रकारों की आवाज दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी इस कार्रवाई के खिलाफ आंदोलनात्मक रुख अपनाएगी और पत्रकार के न्याय के लिए आवाज बुलंद करेगी।