राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य ने की सफाई कर्मियों की समस्याओं की समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य ने की सफाई कर्मियों की समस्याओं की समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद:
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग (सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार) के सदस्य मनोज कुमार बाल्मीकि ने सोमवार को परिसदन भवन में सफाई कर्मचारियों के कल्याण, सुविधाओं एवं कार्य परिस्थितियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में अपर नगर आयुक्त, नगर परिषद चिरकुंडा के कार्यपालक पदाधिकारी, सफाई कर्मी, सुपरवाइजर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सफाई कर्मचारियों एवं सुपरवाइजरों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को सदस्य के समक्ष रखा। प्रमुख रूप से बोनस बढ़ाने (5,000 रुपये बोनस देने), एसीपी (ACP) एवं सातवें वेतनमान के एरियर का लाभ दिलाने, समान कार्य के लिए समान वेतन, स्थायीकरण, नियमित रूप से पे-स्लिप उपलब्ध कराने तथा वेतन से कटौती के बावजूद ईएसआई (ESI) मेडिकल सुविधा का लाभ न मिलने जैसे मुद्दे उठाए गए।

कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद सदस्य मनोज कुमार बाल्मीकि ने उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कर्मचारियों की संख्या और नियुक्ति: नगर निकाय में सफाई कर्मचारियों की कमी को देखते हुए उनकी संख्या बढ़ाने तथा सभी कर्मियों को विधिवत नियुक्ति पत्र एवं ईएसआई (ESI) कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बुनियादी सुविधाएं और सुरक्षा: नगर निगम क्षेत्र के सभी 55 वार्डों में सफाई कर्मियों के लिए चेंजिंग रूम का निर्माण कराने तथा ठंड के मौसम को देखते हुए सभी कर्मियों को गर्म जूते और शॉल प्रदान करने को कहा गया।

महिला कर्मियों के कार्य समय में बदलाव: महिला सफाई कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें सुबह 6:00 बजे के बजाय सुबह 7:00 बजे से कार्य पर लगाने का निर्देश दिया गया।

बच्चों के लिए शिक्षा और खेल सुविधा: सफाई कर्मचारियों के बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु नगर निगम द्वारा विद्यालयों का निर्माण कराने और स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि केंद्र के सहयोग से स्टेडियम बनवाया जा सके।

वेतन भुगतान की पारदर्शिता: सभी कर्मियों को समय पर और सही भुगतान सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया।

सदस्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई कर्मियों की इन जायज मांगों और कल्याणकारी योजनाओं का त्वरित एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top